आदित्यपुर : दुर्गा पूजा की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे उपायुक्त, दिए आवश्यक निर्देश

सरायकेला/आदित्यपुर, 15 सितंबर : आगामी दुर्गा पूजा महोत्सव को सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन सरायकेला-खरसावाँ पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में सोमवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने आदित्यपुर क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया और संबंधित विभागों तथा पूजा समितियों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने नगर निगम को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। साथ ही विद्युत आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखने के लिए बिजली तारों के पास पेड़ों की छंटाई कराने और पंडाल परिसर एवं आसपास पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने को कहा।

उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कीचड़युक्त स्थलों पर स्लैग या मुरुम डालकर समतलीकरण कराने, भीड़ प्रबंधन के लिए अस्थायी पार्किंग स्थल चिन्हित करने और पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने का निर्देश भी दिया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उपायुक्त ने अग्निशमन विभाग को फायर टेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित करने, स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस व चिकित्सा दल की तैनाती करने तथा पुलिस विभाग को यातायात और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर उपायुक्त ने आमजनों से अपील की कि दुर्गा पूजा सामूहिक आस्था का पर्व है, अतः सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें और वाहन निर्धारित स्थल पर ही खड़ा करें, ताकि व्यवस्था सुचारू बनी रहे और श्रद्धालुओं को असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश, उपनगर आयुक्त पारुल सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो, यातायात निरीक्षक अजय तिवारी, केंद्रीय पूजा समिति के उपाध्यक्ष जगदीश नारायण चौबे सहित विभिन्न पूजा पंडाल समिति के पदाधिकारी उपस्थित थे।



