सरायकेला-खरसावां पुलिस की बड़ी सफलता : वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 10 गिरफ्तार, 4 निरुद्ध, 18 वाहन बरामद

सरायकेला, 12 सितम्बर : जिले की पुलिस ने लगातार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीमों ने आदित्यपुर और कुचाई थाना क्षेत्रों में सक्रिय दो अलग-अलग वाहन चोर गिरोहों का भंडाफोड़ करते हुए 10 अपराधियों को गिरफ्तार किया है, वहीं 4 नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने छापामारी में कुल 17 चोरी की मोटरसाइकिलें और 01 पिकअप वाहन बरामद करने में सफलता पाई है।
पहला मामला आदित्यपुर से है, जहां 8 आरोपी को गिरफ्तार किया है, वहीं 8 वाहन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस टीम ने आदित्यपुर थाना क्षेत्र के लाल बिल्डिंग तथा टाटा-कांड्रा मेन रोड से दो युवकों को बिना नंबर की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा। पूछताछ में उनका नाम सुजीत दास उर्फ मोटा दास और लव मांझी उर्फ रेपो सामने आया। दोनों ने अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ कई मोटरसाइकिल चोरी की बात कबूल की।
उनकी निशानदेही पर कुल 7 मोटरसाइकिल और 1 पिकअप वाहन बरामद किया गया। इसके बाद गिरोह के 6 अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
दूसरा मामला कुचाई से है, जहां दो आरोपी गिरफ्तार किया गया और 4 नाबालिग निरुद्ध किया गया है। वहीं, 9 बाइक बरामद किया गया। कुचाई थाना में दर्ज शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गोपीडीह चौक पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान चोरी की दो मोटरसाइकिलों के साथ 6 युवकों को पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने अन्य 7 मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने कुल 9 मोटरसाइकिल बरामद की।
इस मामले में अमित कुम्भकार और उदय सामाड़ को गिरफ्तार किया गया, जबकि 4 नाबालिगों को निरुद्ध किया गया।
आज पुलिस अधीक्षक ने प्रेस वार्ता कर इस अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और प्रतिवेदित मामलों के उद्भेदन के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। हालिया सफलता इसी कड़ी का हिस्सा है।
स्थानीय लोगों और बुद्धिजीवियों ने पुलिस अधीक्षक की इस पहल की सराहना की है। लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं से आमजन परेशान थे, लेकिन त्वरित कार्रवाई से पुलिस ने अपराधियों पर नकेल कसते हुए जनता का विश्वास और मजबूत किया है।
सरायकेला-खरसावां पुलिस अधीक्षक और उनकी टीम की इस सफलता को जिले की कानून व्यवस्था की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।



