महाजन सम्मेलन से दलमा तराई में सामाजिक एकजुटता की नई पहल, तैयारी को लेकर पटमदा में प्रेस वार्ता

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

महाजन सम्मेलन से दलमा तराई में सामाजिक एकजुटता की नई पहल, तैयारी को लेकर पटमदा में प्रेस वार्ता

पटमदा, 18 फरवरी : दलमा तराई क्षेत्र में सामाजिक एकता और संगठनात्मक मजबूती को नया आयाम देने की दिशा में प्रस्तावित महाजन सम्मेलन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में पटमदा स्थित निताई सिंह भवन में बुधवार को एक प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर आयोजकों ने सम्मेलन के उद्देश्य और रूपरेखा की विस्तार से जानकारी दी।

प्रेस वार्ता के दौरान वक्ताओं ने कहा कि महाजन सम्मेलन केवल एक सामुदायिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्रीय एकजुटता का मंच होगा, जहां समाज के विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श कर ठोस रणनीति बनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन के माध्यम से सामाजिक समरसता, परंपराओं के संरक्षण तथा युवाओं की भागीदारी को विशेष महत्व दिया जाएगा।

आयोजकों ने जानकारी दी कि सम्मेलन की सफलता के लिए गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। समाज के बुद्धिजीवियों, युवाओं और महिलाओं से भी सक्रिय भागीदारी की अपील की जा रही है, ताकि सम्मेलन व्यापक और प्रभावशाली स्वरूप ले सके।

इस अवसर पर भक्तों रंजन भूमिज, रमानाथ सिंह सरदार, लुघु सिंह सरदार, सुषेण सिंह सरदार, शत्रुघ्न सिंह सरदार, कालीचरण सिंह सरदार, दिलीप सिंह सरदार, दलमा टाइगर सुकलाल पहाड़िया, राधेश्याम सिंह भूमिज, अमर सिंह सरदार, सुशेन सिंह सरदार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने एकमत होकर सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प दोहराया।

अंत में आयोजकों ने विश्वास जताया कि दलमा तराई क्षेत्र की जनता पूरे उत्साह और एकजुटता के साथ महाजन सम्मेलन में शामिल होकर सामाजिक एकता का सशक्त संदेश देगी।

Share This Article