‘सिंगल एजेंडा डेवलपमेंट’ के साथ मैदान में सुधा गुप्ता, मानगो में ताबड़तोड़ पदयात्रा से तेज किया जनसंपर्क

जमशेदपुर, 18 फरवरी : मानगो नगर निगम चुनाव में मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता ने अपने अभियान को निर्णायक मोड़ देने की रणनीति के तहत ताबड़तोड़ जनसंपर्क अभियान छेड़ दिया है। “मानगो का विकास केवल एक वादा नहीं, बल्कि मेरा दृढ़ संकल्प है। डेवलपमेंट ही मेरा सिंगल एजेंडा है,”—इस संदेश के साथ उन्होंने विभिन्न बस्तियों और आवासीय इलाकों में पदयात्रा कर लोगों से सीधा संवाद किया।
सुधा गुप्ता ने खड़िया बस्ती, जवाहर नगर रोड नंबर 14, जनता पथ, गुडुरुबासा, कटकटड़ुंगरी, गजहडीह, बालीगमा, मून सिटी बस्ती, राजीव पथ, उन्मत नगर, सर्वोदय पथ, चाणक्यपुरी, देवकुंज (डिमना रोड) और चन्द्रावती नगर में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और विकास के अपने विजन को साझा किया।
उन्होंने कहा कि मानगो की तस्वीर बदलने के लिए योजनाबद्ध विकास, बुनियादी सुविधाओं की मजबूती और पारदर्शी प्रशासन जरूरी है। “यह सपना जनता की शक्ति से ही साकार होगा। आप मुझे समर्थन दें और विजयी बनाएं, ताकि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके,” उन्होंने कहा।
जनसभाओं और बैठकों में उन्होंने मतदाताओं से 23 फरवरी को अपने-अपने घरों से निकलकर क्रम संख्या 11, कार्पेट छाप पर मतदान करने की अपील की। उन्होंने दोहराया कि उनका चुनावी एजेंडा सिर्फ और सिर्फ विकास है—चाहे वह सड़क, जलापूर्ति, स्वच्छता, रोशनी या यातायात व्यवस्था हो।
चुनावी सरगर्मी के बीच सुधा गुप्ता का यह आक्रामक प्रचार अभियान यह संकेत दे रहा है कि वे विकास के मुद्दे को केंद्र में रखकर चुनावी मुकाबले को आगे बढ़ाना चाहती हैं। अब देखना यह है कि ‘सिंगल एजेंडा डेवलपमेंट’ का उनका यह संदेश मतदाताओं को कितना प्रभावित करता है।



