चांडिल डैम रोड में शराब दुकान को लेकर बवाल, ग्रामीणों ने दुकान पर लगाया ताला – सांसद व विधायक का पुतला दहन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल डैम रोड में शराब दुकान को लेकर बवाल, ग्रामीणों ने दुकान पर लगाया ताला – सांसद व विधायक का पुतला दहन

चांडिल, 09 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल डैम रोड स्थित अनुज्ञप्ति सरकारी शराब दुकान के स्थानांतरण को लेकर आज माहौल पूरी तरह गरमा गया। शाम होते-होते रुचाप पंचायत के सैकड़ों ग्रामीण, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां शामिल थीं, दुकान के बाहर जुट गए। लोगों ने शराब दुकान संचालक से तुरंत दुकान बंद करने की मांग की, लेकिन इनकार किए जाने पर ग्रामीणों ने गुस्से में आकर दुकान पर ताला जड़ दिया।

इस दौरान दुकान संचालक समेत चार लोग अंदर ही बंधक बनकर रह गए। कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच जमकर कहासुनी और झड़प भी हुई। हालात बिगड़ते देख ग्रामीणों का आक्रोश और तेज हो गया।

गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने शराब दुकान के समक्ष ही रांची सांसद सह केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ और ईचागढ़ विधायक सविता महतो का पुतला दहन कर ‘संजय सेठ हाय-हाय’, ‘सविता महतो हाय-हाय’, ‘मुर्दाबाद’ जैसे नारे लगाए।

ग्रामीणों का कहना है कि वे शराब दुकान के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन वर्तमान स्थान पर इसका संचालन स्थानीय लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गया है। वे लगातार इसके स्थानांतरण की मांग कर रहे हैं।

गौरतलब है कि 1 सितंबर को दुकान खुलने से पहले ही ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर स्थानांतरण की मांग की थी। इसके बाद 8 सितंबर को भी इसी मुद्दे पर सड़क पर उतरे थे। लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की चुप्पी ने आज आंदोलन को और उग्र बना दिया।

Share This Article