रेलवे ट्रैक किनारे अज्ञात शव मिलने से सनसनी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

रेलवे ट्रैक किनारे अज्ञात शव मिलने से सनसनी

सरायकेला, 19 सितंबर : कांड्रा स्टेशन से चांडिल की ओर जाने वाली अप लाइन में झांझर पुल से पहले पोल संख्या 389/S11 के पास शुक्रवार देर रात एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, एक गुड्स ट्रेन के लोको पायलट ने रेलवे ट्रैक के किनारे शव पड़ा देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना रेलवे कंट्रोल को दी। कंट्रोल की सूचना पर डायरी एंट्री कराई गई, जिसके बाद आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

घटना की जानकारी मिलने पर कांड्रा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लिया।

बताया गया कि अप लाइन के पास घटनास्थल काफी दुर्गम था। झाड़ियों और पथरीले रास्ते के कारण शव को सड़क तक लाने में पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी सावधानी के बाद शव को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

Share This Article