खनन विभाग की कार्रवाई, अवैध बालू परिवहन करता वाहन जब्त

आदित्यपुर, 02 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने अवैध खनन और बालू परिवहन के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए मंगलवार को गम्हरिया और आदित्यपुर थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी के नेतृत्व में सापड़ा और बुरूडीह इलाके में औचक निरीक्षण किया गया।
अभियान के दौरान अवैध रूप से बालू ढोते हुए वाहन संख्या JH05AG-9312 को जब्त कर थाने में जमा किया गया। वाहन मालिक और चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
खनन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन और परिवहन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केवल लाइसेंसधारी वाहनों को ही निर्धारित मार्ग और निर्धारित मात्रा में बालू परिवहन की अनुमति होगी। नियम तोड़ने वालों पर वाहन जब्ती के साथ-साथ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही थाना स्तर पर नियमित गश्ती और जांच अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। आम जनता से भी अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध खनन या परिवहन की जानकारी मिले तो तुरंत जिला प्रशासन या संबंधित थाना को सूचित करें, ताकि दोषियों पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।



