जमशेदपुर :उपायुक्त ने मत्स्यपालकों से की मुलाकात, मत्स्य पालन को बताया ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ करने का बेहतर माध्यम

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर :उपायुक्त ने मत्स्यपालकों से की मुलाकात, मत्स्य पालन को बताया ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ करने का बेहतर माध्यम

जमशेदपुर, 28 अगस्त : पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने चाकुलिया प्रखंड के केरूकोचा गांव का दौरा कर मत्स्यपालकों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने किसानों से तकनीकी जानकारी ली और बड़े स्तर पर किए जा रहे मत्स्य पालन कार्यों की सराहना की।

गौरतलब है कि केरूकोचा के आठ प्रगतिशील किसान सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर मत्स्य पालन को आय का सशक्त साधन बना रहे हैं। इनमें से तीन किसान 25-25 बायोफ्लॉक टैंक संचालित कर रहे हैं, जबकि एक किसान ने रिस्पॉयरेटरी एक्वा कल्चर के आठ टैंक लगाए हैं। वहीं एक किसान सात छोटे यूनिट बायोफ्लॉक टैंक और दूसरे किसान ने चार टैंक से मत्स्य पालन शुरू किया है। इसके अलावा एक किसान ने बायोफ्लॉक तालाब और फीड मिल स्थापित कर स्थानीय स्तर पर उत्पादन व आय सृजन का प्रयास किया है। इन प्रयासों से न केवल उनकी आर्थिक स्थिति बेहतर हुई है, बल्कि क्षेत्र के अन्य किसान भी प्रेरित हो रहे हैं।

उपायुक्त ने किसानों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि मत्स्य पालन से अतिरिक्त आय अर्जित की जा सकती है। उन्होंने जिला मत्स्य पदाधिकारी को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और फीड मिल योजना से अधिक किसानों को जोड़ने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत बायोफ्लॉक टैंक, फीड मिल और पॉन्ड निर्माण के लिए किसानों को सहायता एवं सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है। उपायुक्त ने किसानों से अपील की कि वे पारंपरिक खेती के साथ मत्स्य पालन जैसे व्यवसाय को अपनाकर आत्मनिर्भर बनें और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दें।

Share This Article