डिजिटल एसेट रजिस्टर से होगी विकास योजनाओं की मॉनिटरिंग : उपायुक्त

जमशेदपुर, 26 अगस्त : जिला प्रशासन अब विकास योजनाओं और सरकारी परिसंपत्तियों की पारदर्शी मॉनिटरिंग के लिए डिजिटल तकनीक का सहारा लेगा। इसी कड़ी में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में विभिन्न कार्यदायी विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उप नगर आयुक्त (जेएनएसी) कृष्ण कुमार, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय समेत कई तकनीकी विभागों के अभियंता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
उपायुक्त ने बैठक में स्पष्ट किया कि जिले की प्रत्येक पंचायत और गांव की सभी सार्वजनिक परिसंपत्तियों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। इसमें सड़क, पुल, आंगनबाड़ी केंद्र, स्कूल भवन, पंचायत भवन, स्वास्थ्य उपकेंद्र, तालाब और अन्य सार्वजनिक संपत्तियां शामिल होंगी। ये सभी आंकड़े ग्राम संपत्ति- डिजिटल एसेट रजिस्टर पोर्टल पर दर्ज होंगे।
उन्होंने कहा कि इस पहल से न केवल विभागीय स्तर पर बल्कि आम नागरिक भी ऑनलाइन योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। उपायुक्त ने अभियंताओं को निर्देश दिया कि वे परिसंपत्तियों की भौतिक स्थिति का सत्यापन कर समयबद्ध तरीके से पोर्टल पर अपलोड सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने जोर देकर कहा कि यह व्यवस्था विकास योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ-साथ कार्यों की गुणवत्ता और समय पर पूर्णता की गारंटी भी देगी। बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों को डिजिटल एसेट रजिस्टर पोर्टल पर डेटा अपलोड और रिकॉर्ड संधारण से जुड़ी तकनीकी जानकारी भी साझा की गई।



