ईचागढ़ के जैन मंदिर तक सड़क निर्माण लंबित, संजय सेठ ने नितिन गडकरी से की हस्तक्षेप की मांग

रांची/ईचागढ़, 21 अगस्त : रांची लोकसभा क्षेत्र एवं सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत देवलटांड़ जैन मंदिर तक पहुंचने के लिए सड़क नहीं बनने से श्रद्धालुओं को अब भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। लगभग 3000 वर्ष पुराने भगवान आदिनाथ के इस प्राचीन मंदिर तक पहुंचने के लिए मार्ग निर्माण की स्वीकृति तीन वर्ष पूर्व ही मिल चुकी थी, लेकिन अबतक कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ ने जानकारी दी कि उन्होंने तीन वर्ष पहले केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से इस सड़क निर्माण का आग्रह किया था। इसके बाद ₹2.1 करोड़ की लागत से सड़क निर्माण को मंजूरी मिली थी और राशि भी झारखंड सरकार के संबंधित विभाग को भेज दी गई थी।
संजय सेठ ने कहा कि इसके बावजूद सड़क निर्माण आज तक शुरू नहीं हो सका, जिससे श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने नई दिल्ली में पुनः नितिन गडकरी से मुलाकात कर पूरी स्थिति से अवगत कराया।
मंत्री गडकरी ने इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए मामले की जांच का निर्देश दिया है।



