कुकड़ू प्रखंड में शुरू हुआ दो दिवसीय पेसा कानून प्रशिक्षण, ग्रामसभा की भूमिका पर दिया गया जोर

सरायकेला/कुकडू, 19 अगस्त : कुकड़ू प्रखंड सभागार में मंगलवार को पेसा कानून पर आधारित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में प्रखंड क्षेत्र के सभी ग्राम प्रधान, पंचायत समिति सदस्य, मुखियागण, वार्ड सदस्य, प्रखंड समन्वयक पंचायती राज सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रशिक्षण का संचालन मास्टर प्रशिक्षक अमरेश सिन्हा (JITM) ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को पेसा कानून के प्रावधानों, ग्रामसभा की शक्तियों, अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही यह भी बताया कि ग्रामसभा स्थानीय प्रशासन और विकास कार्यों में किस तरह निर्णायक भूमिका निभा सकती है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को पेसा कानून से अवगत कराना और इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सक्षम बनाना है। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को व्यवहारिक उदाहरणों और समूह चर्चाओं के माध्यम से कानून के विभिन्न आयामों से रूबरू कराया गया।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि यदि ग्रामसभा की कार्यप्रणाली को सशक्त और प्रभावी बनाया जाए, तो गांवों में विकास कार्य पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और सहभागिता के साथ सुनिश्चित हो सकेंगे।
दो दिवसीय यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण स्तर पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


