मेयर सुधा गुप्ता ने वास्तु विहार में जलजमाव का किया निरीक्षण, जाम नालियों की कराई सफाई
जमशेदपुर, 30 जून : लगातार हो रही बारिश के बीच बालिगुमा स्थित वास्तु विहार में जलजमाव की समस्या को लेकर मंगलवार को मेयर सुधा गुप्ता ने क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने स्थानीय लोगों एवं मानगो नगर निगम (एमएनएसी) के अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण कर समस्या की जानकारी ली और शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान लंबे समय से जाम पड़ी नालियों की जेसीबी मशीन से सफाई कराई गई, जिससे जलनिकासी व्यवस्था को सुचारु बनाने की दिशा में तत्काल पहल की गई। मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्यों की रूपरेखा तैयार कर जल्द कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
स्थानीय निवासी चमन सिंह ने मेयर की पहल की सराहना करते हुए कहा कि उनका स्वयं मौके पर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनना, जाम नालियों की तत्काल सफाई कराना और स्थायी समाधान का भरोसा देना सराहनीय कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मेयर के नेतृत्व में वास्तु विहार की जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान होगा।
मेयर की इस पहल से क्षेत्र के लोगों में संतोष और उत्साह का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने जनहित के प्रति उनकी संवेदनशीलता की प्रशंसा करते हुए उम्मीद जताई कि क्षेत्र में विकास कार्य और अधिक गति से आगे बढ़ेंगे।
निरीक्षण के दौरान विनय सिंह, आशुतोष उपाध्याय, चंदन सिंह, नवीन कुमार, अनुरोध सिंह सहित वास्तु विहार के अनेक स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।