श्री शनिदेव भक्त मंडली करेगी रक्तदान शिविर का आयोजन
जमशेदपुर/पटमदा, 16 अगस्त : सामाजिक कार्यों के लिए जानी जाने वाली संस्था श्री शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट) अपनी निरंतर पहल को आगे बढ़ाते हुए रविवार, 17 अगस्त को एक और रक्तदान शिविर का आयोजन करने जा रही है। यह मंडली का अब तक का 65वां तथा इस वर्ष का 15वां रक्तदान शिविर होगा।
इस बार रक्तदान शिविर का आयोजन पहली बार ग्राम पंचायत सचिवालय, पहाड़पुर (प्रखड़ बोडाम, पूर्वी सिंहभूम) में किया जाएगा। कार्यक्रम का समय सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित है। इस शिविर में ब्रम्हानंद ब्लड सेंटर, ब्रम्हानंद जमशेदपुर का सहयोग रहेगा। मंडली ने इस बार 152 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा है।
संस्था का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रक्तदान के प्रति युवाओं व युवतियों को प्रेरित करना और जागरूक करना है। मंडली का मानना है कि रक्तदान न केवल समाज के लिए महत्वपूर्ण है बल्कि यह युवा पीढ़ी को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने की दिशा में भी एक अहम कदम है।
मंडली ने अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान अभियान से जुड़ने की अपील की है।