चांडिल : सड़क हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल
चांडिल, 16 अगस्त : चांडिल थाना क्षेत्र के रांची–टाटा टोल रोड पर स्थित पाटा टोल प्लाजा के समीप शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें स्विफ्ट कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार चांडिल से जमशेदपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान कालियाडीह स्थित काली मंदिर के पास कार तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे बनी रेलिंग से जोरदार भिड़ंत हो गई।
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक की स्थिति नाजुक बताई जा रही है, जबकि दो लोगों के पैर में गंभीर चोटें आई हैं। अन्य घायलों को भी गहरी चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को कार से बाहर निकाला और उन्हें एंबुलेंस की मदद से जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल भेजा। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।