अखिलेश यादव ने नेमरा पहुंच कर दी शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि, सीएम हेमंत सोरेन से की मुलाकात

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

अखिलेश यादव ने नेमरा पहुंच कर दी शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि, सीएम हेमंत सोरेन से की मुलाकात

रांची/रामगढ़, 12 अगस्त : उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश सिंह यादव आज झारखंड पहुंचे। वे सुबह रांची पहुंचने के बाद दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पैतृक गांव नेमरा (थाना बरलंगा, जिला रामगढ़) के लिए रवाना हुए।

नेमरा स्थित गुरुजी के आवास पर अखिलेश यादव ने शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित लोगों से मुलाकात कर गुरुजी के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन का जीवन आदिवासी समाज और वंचित वर्गों के अधिकारों के संघर्ष को समर्पित रहा है।

श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन तथा शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन से मुलाकात की और पूरे परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि गुरुजी का जाना झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति है।

अखिलेश यादव के साथ समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। नेमरा में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे, वहीं स्थानीय ग्रामीणों और झामुमो कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ गुरुजी को श्रद्धांजलि देने पहुंची।

गौरतलब है कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो के संरक्षक शिबू सोरेन का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। उनके निधन के बाद से देशभर से नेता और कार्यकर्ता नेमरा पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

Share This Article