अपराध की योजना बनाते दो अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार

खूंटी, 28 अगस्त : खूंटी थाना की पुलिस ने कामन्ता चेक डैम के पास छापामारी कर दो अपराधकर्मियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधकर्मियों के पास से पुलिस ने एक देशी कट्टा और दो जिंदा गोली बरामद किया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार कामन्ता चेक डैम के पास कुछ अपराधकर्मी किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के लिए जुटे हैं। इसकी सूचना जिला पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो का मिली। सूचना मिलने के बाद उन्होंने इस पर त्परित कार्रवाई करने के लिए खूंटी के पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी मोहन कुमार को निर्देश दिया। थाना प्रभारी ने मामने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कामन्ता चेक डैम के पास छापामारी किया।
छापामारी दल जैसे ही कमान्ता चेक डैम के पास पहुंची तो पुलिस गाड़ी को आता देख चेक डैम के दक्षिण दिशा में दो मोटरसाइकिल में सवार होकर करीब 5-6 व्यक्ति कच्ची रास्ता में मैदान, टांड खेत व झाडी की ओर भागने लगे। छापामारी दल में शामिल पुलिस बल व पदाधिकारी ने पीछा कर दो व्यक्ति को पकड लिया। अन्य व्यक्ति मोटरसाइकिल में सवार होकर भाग निकले। पकड़ाए दोनों व्यक्तियों से नाम पता पूछने पर अपना नाम अकबर खान और पता ग्राम बम्हनी, थाना मुरहू, जिला खूंटी और दूसरे ने अपना नाम धनंजय सिंह और पता कोलोम्दा, थाना मुरहू, जिला खूंटी बताया। पकडाये व्यक्ति अकबर खान के पास से एक देशी निर्मित सिंगल शॉट कट्टा एवं धनंजय सिंह के पास से 02 जिंदा गोली बरामद हुआ, जिसको विधिवत जप्त किया गया। पुलिस दल ने पकडाए दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में खूंटी थाना में आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। वहीं बताया गया कि गिरफ्तार अपराधकर्मियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। गिरफ्तार अभियुक्त 30 वर्षीय अकबर खान के खिलाफ मुरहु थाना में दो और खूंटी व तपकरा थाना में पहले से एक-एक मामला दर्ज है। इनमें दो आर्म्स एक्ट का मामला है। वहीं 27 वर्षीय धनंजय सिंह के खिलाफ पहले से कर्रा थाना में आर्म्स एक्ट एवं 17 सीएलए एक्ट का मामला दर्ज है। दोनों को गिरफ्तार करने वाले छापामारी दल में खूंटी थाना प्रभारी पुनि मोहन कुमार के अलावा खूंटी थाना के पुअनि आदित्य कुमार, पुअनि सीताराम दांगी, पुअनि मंटू कुमार, पुअनि खुर्शीद आलम, हबलदार सिद्धनाध राम, आरक्षी चुमनु उरांव एवं अन्य खूंटी थाना रिजर्ब गार्ड के जवान शामिल थे।



