स्वतंत्रता दिवस पर मांस, मछली और मुर्गा की बिक्री पर रोक, नगर निगम ने जारी किया आदेश

रांची, 12 अगस्त : स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रांची नगर निगम ने शहरवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। निगम प्रशासन ने साफ किया है कि 15 अगस्त को रांची नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी बधशालाएं, मांस, मछली और मुर्गा की दुकानें पूर्णतः बंद रहेंगी। इस दिन इन वस्तुओं के क्रय-विक्रय पर भी पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा।
नगर निगम की ओर से जारी इस आदेश में कहा गया है कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है, इसलिए स्वच्छता और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। आदेश के अनुसार, किसी भी दुकान या विक्रेता को इस दिन मांस, मछली और मुर्गा बेचने या खरीदने की अनुमति नहीं होगी।
निगम ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे आदेश का पालन करें और किसी प्रकार की उल्लंघन की स्थिति में कार्रवाई के लिए तैयार रहें। निगम के अधिकारियों का कहना है कि आदेश के उल्लंघन पर नगर निगम अधिनियम के तहत जुर्माना और अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि रांची नगर निगम हर साल 15 अगस्त और 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) जैसे विशेष अवसरों पर ऐसे आदेश जारी करता है, ताकि शहर की स्वच्छता और सौहार्दपूर्ण माहौल बरकरार रखा जा सके।


