सरायकेला : उपायुक्त के जनता दरबार में झिमड़ी में राशन डीलर बदलने की उठी मांग

उपायुक्त ने विभागों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
सरायकेला, 12 अगस्त : समाहरणालय परिसर स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में मंगलवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया।उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों और अंचलों से आए लोगों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याएं रखीं।
जनता दरबार के दौरान भूमि विवाद, बंदोबस्ती अभिलेख, सार्वजनिक वितरण प्रणाली और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी कई शिकायतें सामने आईं।
खरसावां प्रखंड के आमदा पंचायत में अंचल अमीन द्वारा किए गए सीमांकन को पड़ोसी द्वारा स्वीकार नहीं किए जाने की शिकायत दर्ज हुई। वहीं ईचागढ़ अंचल के बनकाठी और टिकर में बंदोबस्त की गई भूमि को पंजियन अभिलेख में दर्ज नहीं करने का मामला सामने आया। इसके अलावा सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में पेयजल और विद्युत आपूर्ति की लचर व्यवस्था के साथ-साथ, कर्मियों और पदाधिकारियों के मनमाने रवैये पर कार्रवाई की मांग की गई।
नीमडीह के झिमड़ी में राशन डीलर बदलने की मांग
नीमडीह प्रखंड के झिमड़ी में आवंटित डीलर के स्थान पर अन्य डीलर से राशन वितरण कराने की मांग की गई हैं। ज्ञात हो कि पिछले दिनों झिमड़ी में आगजनी और हिंसा की घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों ने झिमड़ी के राशन डीलर को बदलने की मांग शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी से लेकर सभी अधिकारियों को लिखित शिकायत की है। अब ग्रामीणों ने अपनी मांग उपायुक्त के जनता दरबार में रखी है।
उपायुक्त ने सभी मामलों की गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी और विधिसम्मत कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता की समस्याओं का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।



