Big Breaking : पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.67 करोड़ रुपये मूल्य का अवैध डोडा बरामद, तस्कर फरार

खूंटी, 01 अगस्त : खूंटी जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस ने बीती रात एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम सुल्हे के आस-पास एक 10 चक्का ट्रक में भारी मात्रा में डोडा लोड किया जा रहा है। सूचना मिलते ही रात करीब 1:30 बजे अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, खूंटी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने तड़के 4:00 बजे ग्राम सुल्हे के निकट एक सुनसान स्थान पर छापा मारा, जहाँ एक ट्रक में 4-5 लोग अवैध डोडा लोड कर रहे थे। पुलिस वाहन को देखते ही सभी लोग और ट्रक का चालक अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए।
छापामारी टीम ने जब ट्रक की तलाशी ली तो उसमें China Clay Microfine Powder लिखे बोरे के नीचे छिपाकर रखे गए 39 बोरे अवैध डोडा बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 1113.7 किलोग्राम है। जब्त डोडा की अनुमानित कीमत करीब 1.67 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अतिरिक्त मौके से China clay powder के 350 बोरे और टाटा कंपनी का 10 चक्का ट्रक (HP38C4159) भी जब्त किया गया।
इस संबंध में खूंटी थाना में NDPS Act 1985 की धारा 15(C)/22/25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
छापामारी दल में वरुण रजक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, खूंटी, मोहन कुमार, थाना प्रभारी, खूंटी, आदित्य कुमार, मणीदीप, अरुण कुमार, अमित कुमार मार्डी, मन्दु कुमार सहित खूंटी थाना रिजर्व गार्ड व जैप सशस्त्र बल शामिल था।
पुलिस ने बताया कि फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। मामले की गहन जांच चल रही है। खूंटी पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी पर एक मजबूत प्रहार माना जा रहा है।



