महिला पर जानलेवा हमले के दो आरोपी गिरफ्तार, भुजाली भी बरामद – गम्हरिया पुलिस की तत्परता से घटना का शीघ्र खुलासा, छापामारी दल ने पेश की सराहनीय भूमिका

सरायकेला/आदित्यपुर, 30 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रामचंद्रपुर गांव में एक महिला पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा इस मामले में गम्हरिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
घटना 28 जुलाई को उस समय घटी जब वांगी टुडू, पति- सुकुमार टुडू, निवासी ग्राम रामचंद्रपुर, थाना-गम्हरिया ने थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी अभियुक्त सुजीत घोष और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया। पीड़िता ने बताया है कि उसके पति सुकुमार टुडू की हत्या के इरादे से उन पर लोहे की धारदार गुप्ती (भुजाली) से गंभीर हमला किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक छापामारी दल का गठन किया गया। वैज्ञानिक और पारंपरिक अनुसंधान के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त सुजीत कुमार घोष, उम्र लगभग 42 वर्ष, पिता- स्व. तारापद घोष, ग्राम- रामचंद्रपुर, थाना-गम्हरिया तथा सामु हांसदा, उम्र लगभग 19 वर्ष, पिता- रामराय हांसदा, वर्तमान पता- रामचंद्रपुर, थाना-गम्हरिया है। सामु हांसदा का स्थायी पता ग्राम बासीलाल, थाना- पोटका, जिला- पूर्वी सिंहभूम है।
गिरफ्तारी के दौरान सामु हांसदा ने पूछताछ में स्वीकार किया कि घटना के समय उसी ने लोहे की धारदार गुप्ती (भुजाली) का प्रयोग किया था, जिसे बाद में पुलिस ने बरामद भी कर लिया है।
छापामारी दल में थाना प्रभारी कुणाल कुमार, ललन रविदास, अरुण कुमार महतो, अभय कुमार सहित जिले शस्त्र बल शामिल थे।



