लापरवाह संवेदक बना हादसे का कारण : बैरियर से टकराकर युवक की मौत, दो घायल – रेडियम और संकेत बोर्ड के अभाव में मौत बन गई एनएच 32 की सड़क

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

लापरवाह संवेदक बना हादसे का कारण : बैरियर से टकराकर युवक की मौत, दो घायल – रेडियम और संकेत बोर्ड के अभाव में मौत बन गई एनएच 32 की सड़क

चांडिल संवाददाता, 21 जुलाई  : चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत गांगुडीह पुनर्वास स्थल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-32 पर रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने सड़क निर्माण कार्य में व्याप्त लापरवाही की पोल खोल दी। गम्हरिया के दुर्गा मैदान निवासी 24 वर्षीय युवक विवेक तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई, जब उसकी बाइक तेज गति से निर्माणाधीन मार्ग पर लगे बिना रेडियम और चेतावनी बोर्ड वाले लोहे के अवरोधक से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार दो अन्य युवक—डिमना निवासी उत्कर्ष और गम्हरिया निवासी रंजीत—गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

यह घटना रविवार की रात लगभग 11:30 बजे की है। हादसे की सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को चांडिल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। जहाँ चिकित्सकों ने विवेक तिवारी को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया गया।

स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि संवेदक ने सड़क निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी की है। सड़क पर लोहे के बैरियर लगाए गए, पर न तो उस पर रिफ्लेक्टिव रेडियम लगाया गया और न ही कोई चेतावनी संकेत बोर्ड लगाया गया था। नतीजतन रात में बैरियर दिखाई नहीं दिया और हादसा हो गया।

ग्रामीणों का कहना है कि यह पहला मामला नहीं है—इस वर्ष 2025 में अब तक सड़क दुर्घटनाओं में 36 लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें कई मामलों में कारण सुरक्षा चूक ही रही है।
इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या संवेदकों की जिम्मेदारी केवल सड़क बनाने तक सीमित है, या उसमें जानमाल की सुरक्षा भी शामिल है?

प्रशासन से मांग की जा रही है कि दोषी संवेदक पर हत्या का मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाहियों से और जानें न जाएं।

Share This Article