ईचागढ़ व चौका क्षेत्र में सर्पदंश से दो की मौत, एक शव को परिजनों ने बहाया नदी में

मानभूम अपडेट्स – संवाददाता, चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ और चौका थाना क्षेत्रों में सर्पदंश की दो अलग-अलग घटनाओं में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। दोनों मामलों को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है।
पहली घटना बुधवार शाम ईचागढ़ थाना क्षेत्र के काठघोड़ा गांव की है, जहां 40 वर्षीय युगल मांझी को उनके घर में सांप ने डंस लिया। सर्पदंश के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार न कर उसे चुपचाप स्वर्णरेखा नदी में बहा दिया। बताया जा रहा है कि चांडिल डैम के ठीक नीचे शव को बहा दिया गया था। गुरुवार सुबह जब नदी में शव तैरता हुआ जयदा के पास पहुंचा तो स्थानीय लोगों में सनसनी फैल गई।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया। पुलिस जांच में पता चला कि शव युगल मांझी का ही है, जिसे परिजनों ने सांप काटने के बाद नदी में बहा दिया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है और इस संबंध में यूडी (Unnatural Death) केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, दूसरी घटना गुरुवार को चौका थाना क्षेत्र के कुरली गांव में घटी, जहां एक महिला को सांप ने काट लिया। गंभीर स्थिति में परिजन उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चौका थाना प्रभारी बजरंग महतो ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और प्रारंभिक सूचना सर्पदंश की ही है।
दोनों घटनाओं ने ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल बना दिया है। प्रशासन द्वारा लोगों को बरसात के मौसम में सतर्क रहने की अपील की गई है। शर्पदंश को लेकर उपायुक्त ने विशेष रूप से अपील किया है।



