चांडिल अनुमंडल में कुत्तों का आतंक – आधा दर्जन लोग बने शिकार, दहशत में स्कूली बच्चे व राहगीर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल अनुमंडल में कुत्तों का आतंक – आधा दर्जन लोग बने शिकार, दहशत में स्कूली बच्चे व राहगीर

सांकेतिक छाया 

जनता ने प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग की

चांडिल, 15 जुलाई : चांडिल प्रखंड के कुकड़ू और ईचागढ़ क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को इन हिंसक कुत्तों ने एक बार फिर अपना कहर बरपाया और आधा दर्जन से अधिक लोगों को काटकर घायल कर दिया। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराकर एंटी रेबीज का टीका लगाया गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क किनारे बूचड़खानों/मांस मछली के दुकानों से फेंके गए जानवरों के अवशेष और मांस-मछली की खुली बिक्री इन कुत्तों को हिंसक बना रही है। झुंड बनाकर सड़कों पर घूम रहे ये कुत्ते अब राहगीरों पर हमला करने लगे हैं। सबसे अधिक डर स्कूली बच्चों और सुबह टहलने वालों में देखा जा रहा है, जिनमें से कई ने अब मॉर्निंग वॉक करना बंद कर दिया है।

होटलों और दुकानों से बचा-खुचा खाना खुले में फेंके जाने से भी इन कुत्तों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि जमशेदपुर शहर से ट्रकों में भरकर कुत्तों को चांडिल हाईवे इलाके में छोड़ा जा रहा है, जिससे स्थिति और भयावह होती जा रही है।

स्थानीय लोगों ने कई बार प्रशासन से मांस-मछली की अवैध बिक्री और कुत्तों के बढ़ते आतंक पर कार्रवाई की मांग की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही इन पर नियंत्रण नहीं पाया गया, तो स्थिति और भी भयावह हो सकती है।

अब सवाल उठता है – कब जागेगा प्रशासन? और कब मिलेगी लोगों को इस डर से राहत?

Share This Article