सालडीह बस्ती में अवैध शराब कारोबार का भंडाफोड़, 65 लीटर महुआ शराब बरामद, एक गिरफ्तार

सरायकेला/आदित्यपुर, 15 जुलाई : स्थानीय पुलिस ने सोमवार देर रात गम्हरिया थाना क्षेत्र के सालडीह बस्ती में अवैध शराब के कारोबार का पर्दाफाश करते हुए बड़ी मात्रा में महुआ शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका पुत्र मौके से फरार हो गया। दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सालडीह स्थित शत्रुधन मुर्मू के घर में किरायेदार श्याम हांसदा और उसका पुत्र सूरज हांसदा लंबे समय से अवैध रूप से देशी महुआ शराब बनाकर स्थानीय लोगों को पिला रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने छापामारी की योजना बनाई और उक्त घर पर अचानक दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही तीन व्यक्ति भागने लगे, जिनमें से कोई भी हाथ नहीं आया। हालांकि घर की तलाशी में एक व्यक्ति छिपा मिला, जिसकी पहचान श्याम हांसदा के रूप में हुई। पूछताछ में उसने कबूल किया कि फरार व्यक्ति उसका पुत्र सूरज हांसदा है। पुलिस ने घर के अंदर सघन तलाशी के दौरान करीब 65 लीटर महुआ शराब बरामद की, जिसे जब्त कर लिया गया।
श्याम हांसदा को मौके से गिरफ्तार कर गम्हरिया थाना लाया गया, जहां उसके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, श्याम मूल रूप से आरआईटी थाना क्षेत्र के सीतारामपुर का रहने वाला है, लेकिन वह सालडीह में किराये के मकान में रहकर अवैध शराब का धंधा चला रहा था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस अवैध कारोबार से मोहल्ले का माहौल लगातार खराब हो रहा था और कई बार असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग रहा था। लोगों ने इस पर रोक लगाने के लिए पुलिस से शिकायत भी की थी। अब पुलिस की कार्रवाई से लोगों ने राहत की सांस ली है।
फरार सूरज हांसदा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापामारी जारी है। थाना प्रभारी ने कहा है कि इस तरह के अवैध कार्यों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाइयां जारी रहेंगी।



