चांडिल : शहरबेड़ा गांव के सीमागोड़ा टोला में जल संकट गहराया, पांच माह से जलमीनार खराब, ग्रामीण कुएं पर निर्भर

रिपोर्ट: ManbhumUpdates.com
चांडिल, 14 जुलाई : चांडिल प्रखंड के शहरबेड़ा गांव अंतर्गत सीमागोड़ा टोला में जल संकट गंभीर रूप धारण कर चुका है। इस टोले में रहने वाले 6 संथाल आदिवासी परिवार विगत पांच महीनों से खराब जलमीनार के कारण स्वच्छ पेयजल से वंचित हैं। ग्रामीणों ने बताया कि यह जलमीनार मुखिया फंड से स्थापित किया गया था और यह सोलर एनर्जी से संचालित होता है। लेकिन बीते पांच महीने से यह पूरी तरह बंद पड़ा है।

वर्तमान में ग्रामीण एक पुराने कुएं से पानी लेकर गुजारा कर रहे हैं। इसके अलावा, ग्रामीणों को कभी-कभी कृष्ण पद मार्डी के घर स्थित उनके निजी हैंडपंप से भी पानी भरना पड़ता है। हालांकि यह हैंडपंप निजी होने के कारण सभी समय सुलभ नहीं रहता।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि टोले में स्थित एकमात्र सरकारी हैंडपंप भी कुछ समय पहले ही खराब हो गया। गर्मी के समय पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा मिस्त्री भेजकर मरम्मत तो कराई गई, लेकिन कुछ ही दिनों में हैंडपंप फिर से बेकार हो गया।
गौरतलब है कि इन दिनों क्षेत्र में डायरिया का प्रकोप फैला हुआ है। ऐसे में स्वच्छ पेयजल की अनुपलब्धता ग्रामीणों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि अविलंब जलमीनार की मरम्मत कराकर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।



