सरायकेला ब्रेकिंग – चांडिल में रिश्वतखोरी का पर्दाफाश, राजस्व कर्मचारी 10 हजार की घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

चांडिल/सरायकेला-खरसावां, 12 जुलाई : चांडिल अनुमंडल क्षेत्र से भ्रष्टाचार का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अंचल कार्यालय के राजस्व कर्मचारी शनि बर्मन को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) जमशेदपुर की टीम ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई आदिवासी युवक राजेश हेम्ब्रम की शिकायत के आधार पर की गई, जिन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी पुश्तैनी जमीन से जुड़े ऑनलाइन पंजी-2 में नाम दर्ज कराने के लिए कर्मचारी द्वारा घूस मांगी जा रही है।
शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ACB की टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही राजस्व कर्मचारी शनि बर्मन ने रिश्वत की राशि ली, टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी गई है।
ACB के अनुसार, यह मामला न केवल व्यक्तिगत भ्रष्टाचार का उदाहरण है, बल्कि यह सरकारी तंत्र में व्याप्त उस गहरी समस्या को भी उजागर करता है, जिससे आम जनता अक्सर त्रस्त रहती है।
गिरफ्तारी के बाद से अंचल कार्यालय के अन्य कर्मचारियों में भी हड़कंप की स्थिति है। इधर, ग्रामीणों और आम लोगों ने ACB की इस कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इससे सरकारी कार्यालयों में काम करने का तरीका बदलेगा तथा भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी।
जनता की उम्मीदें जगीं
राजेश हेम्ब्रम ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्हें अपने ही जमीन के कागजात दुरुस्त कराने के लिए रिश्वत देनी पड़ रही थी, जो बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि ACB की कार्रवाई से अब उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।
जांच जारी, आगे और खुलासे संभव – अंचल कार्यालय के बड़े अधिकारी भी जांच पर भी निगरानी
ACB सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार कर्मचारी से पूछताछ जारी है और संभावना जताई जा रही है कि इस मामले में और भी लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है। दस्तावेजों की जांच भी शुरू कर दी गई है। वहीं, कर्मचारी के साथ साथ अंचल कार्यालय के अन्य अधिकारियों का इतिहास खंगाला जा रहा है।
यदि आपके पास भी किसी सरकारी कार्यालय में भ्रष्टाचार से जुड़ी जानकारी हो, तो संबंधित विभाग या ACB कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।



