एमजीएम अस्पताल परिसर में गुटखा खाते युवक को पकड़ा गया, हाथ जोड़कर मांगी माफी – तंबाकू विरोधी अभियान को लेकर अस्पताल प्रबंधन सख्त, ऑन स्पॉट जुर्माने का प्रावधान

संवाददाता,जमशेदपुर, 11 जुलाई : डिमना रोड़ पर नवनिर्मित एमजीएम अस्पताल में तंबाकू निषेध अभियान के तहत सख्ती देखने को मिली। अस्पताल परिसर में गुटखा खाते एक युवक को होमगार्ड जवानों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। पकड़े जाने पर युवक ने हाथ-पैर जोड़कर माफी मांगी, जिसके बाद चेतावनी देकर उसे छोड़ दिया गया।
घटना के दौरान मौके पर काफी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। अस्पताल प्रशासन की इस तत्परता की आमजन ने सराहना की और परिसर को स्वच्छ व तंबाकू मुक्त बनाए रखने में सहयोग का संकल्प दोहराया।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि कोई भी व्यक्ति यदि गुटखा, तंबाकू या पान खाकर अस्पताल परिसर में प्रवेश करता है, तो उसे मौके पर ₹200 का जुर्माना भरना पड़ेगा। अस्पताल अधीक्षक ने बताया कि इस अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए परिसर में होमगार्ड जवानों की तैनाती की गई है।
उन्होंने यह भी अपील की कि मरीज और उनके परिजन तंबाकू सेवन से पूरी तरह परहेज करें और अस्पताल को स्वच्छ, सुरक्षित व रोगमुक्त बनाए रखने में सहयोग दें।
तंबाकू निषेध को लेकर अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर अंदरूनी हिस्सों तक जागरूकता पोस्टर लगाए गए हैं। यह पहल न सिर्फ मरीजों की सुरक्षा को सुनिश्चित करती है, बल्कि अस्पताल परिसर को साफ-सुथरा बनाए रखने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।



