चौका में तड़के हुआ हादसा, गड्ढे में जाने के बाद अनियंत्रित हुई बस
चांडिल, 03 अक्टूबर : सरायकेला खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र के टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-33) पर झाबरी के समीप शनिवार तड़के करीब चार बजे कोलकाता से रांची जा रही शिवम यात्री बस सड़क किनारे गड्ढे में जाने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। बस में करीब 30 से 32 यात्रियों के सवार होने की बात बताई जा रही है।
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर चौका थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे और घायल यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
बताया गया कि दुर्घटना में घायल दो यात्रियों को चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया। वहीं, कुछ यात्री प्राथमिक उपचार के बाद या सुरक्षित बचने के बाद दूसरे वाहनों से अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। हादसे में बस को काफी नुकसान पहुंचा है।
घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर सड़क किनारे गड्ढे में जाने के बाद बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।



