स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2025 की तैयारी तेज़, सरायकेला और गम्हरिया प्रखंड में कार्यशाला आयोजित

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2025 की तैयारी तेज़, सरायकेला और गम्हरिया प्रखंड में कार्यशाला आयोजित

सरायकेला-खरसावां, 11 जुलाई : स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2025 की सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने हेतु आज सरायकेला एवं गम्हरिया प्रखंड में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला प्रखंड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

कार्यशाला के दौरान जिला समन्वयक (IEC) और जिला समन्वयक (SLWM) ने प्रतिभागियों को स्वच्छ सर्वेक्षण की प्रक्रिया, मूल्यांकन मानकों, डाटा एंट्री के तरीके और जनभागीदारी की महत्ता पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही, सर्वेक्षण के दौरान जिले के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी साझा किए गए।

इस अवसर पर संबंधित प्रखंडों के पंचायती राज पदाधिकारी, पंचायत सचिव, मुखिया, जल सहिया, रोजगार सेवक, स्वच्छता पर्यवेक्षक सहित बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधियों एवं फील्ड कर्मियों की सहभागिता रही।

प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी कर्मियों से स्वच्छता क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण कार्य करने और सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी ग्राम पंचायतों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (SLWM) की व्यवस्था सुदृढ़ हो, स्वच्छता ओडीएफ प्लस की निरंतरता बनी रहे तथा नागरिक फीडबैक को बढ़ावा देने के लिए सजगता से कार्य किया जाए।

कार्यशाला के समापन पर सभी प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।

Share This Article