सरायकेला में दो दिनों के भीतर सभी छात्रों के जन्म प्रमाण पत्र जारी करने का निर्देश

सरायकेला, 27 सितंबर : जिले के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को जन्म प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में लापरवाही सामने आने के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पाया गया कि कई प्रखंडों में अब तक अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को जन्म प्रमाण पत्र निर्गत नहीं किया गया है। इस पर नाराजगी जताते हुए उपायुक्त ने सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अगले दो दिनों के भीतर शेष छात्रों के प्रमाण पत्र जारी करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, बीआरसी और सीआरपी की संयुक्त टीम बनाकर डोर-टू-डोर अभियान चलाया जाए, ताकि कोई भी छात्र-छात्रा जन्म प्रमाण पत्र से वंचित न रह जाए।
उपायुक्त ने साफ किया कि निर्धारित अवधि में प्रगति नहीं दिखने पर संबंधित पदाधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



