परिवार स्वास्थ्य मेला के तहत जागरूकता रथ को उपायुक्त और जिला परिषद अध्यक्ष ने दिखायी हरी झंडी

सरायकेला, 11 जुलाई : विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सरायकेला सदर अस्पताल परिसर से “परिवार स्वास्थ्य मेला 2025” के अंतर्गत जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस रथ को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने संयुक्त रूप से रवाना किया।
यह जागरूकता रथ 11 जुलाई से 31 जुलाई तक जिले के सभी प्रखंडों, ग्राम पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में भ्रमण करेगा। इस दौरान यह रथ आम लोगों को परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, तथा जनसंख्या स्थिरीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक करेगा। रथ में ऑडियो-विजुअल सामग्री, पोस्टर, फ्लेक्स एवं पैम्फलेट के माध्यम से जनसंख्या नियंत्रण के महत्व और परिवार नियोजन के लाभों की जानकारी दी जाएगी।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने इस अवसर पर लोगों से अपील की कि वे जागरूकता रथ के माध्यम से प्रसारित की जा रही जानकारी को गंभीरता से लें और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध निःशुल्क परिवार नियोजन सेवाओं का भरपूर लाभ उठाएं।
इस कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जुझार मांझी, विधायक प्रतिनिधि (सरायकेला) सनंद आचार्य, विधायक प्रतिनिधि (खरसावां) अनुप सिंहदेव समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।



