ब्रेकिंग न्यूज: बिष्टुपुर गोलीकांड : खाऊ गली में फायरिंग, विधायक प्रतिनिधि गंभीर रूप से घायल

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

ब्रेकिंग न्यूज: बिष्टुपुर गोलीकांड : खाऊ गली में फायरिंग, विधायक प्रतिनिधि गंभीर रूप से घायल

जमशेदपुर, 10 जुलाई : शहर के सबसे भीड़भाड़ वाले इलाके बिष्टुपुर की खाऊ गली उस समय गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठी, जब अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े एक व्यक्ति पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव के प्रतिनिधि समरेश सिंह उर्फ गुड्डू (37) को गोली लगी है। उन्हें गंभीर हालत में टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया है।

डीएम मदन स्कूल के सामने हुई फायरिंग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना KMPM वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर (पूर्व में डीएम मदन स्कूल) के ठीक सामने करीब दोपहर में हुई। बाइक पर सवार हमलावरों ने विधायक प्रतिनिधि पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी और मौके से फरार हो गए।

भगदड़ और दहशत का माहौल

गोलियों की आवाज सुनते ही खाऊ गली में अफरातफरी मच गई। दुकानदारों ने फौरन अपनी दुकानें बंद कर लीं और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ ही पलों में भीड़भाड़ वाला इलाका सुनसान हो गया।

पुलिस ने पूरे इलाके को किया सील

सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेर लिया। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस को घटनास्थल से गोलियों के खोखे बरामद हुए हैं। पुलिस आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ जारी है।

साजिश या सियासी दुश्मनी?

पुलिस ने फिलहाल आधिकारिक बयान देने से इनकार किया है, लेकिन सूत्रों की मानें तो यह हमला पुरानी रंजिश या राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता का नतीजा हो सकता है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

राजनीतिक गलियारों में हलचल

विधायक प्रतिनिधि पर हुए इस जानलेवा हमले से राजनीतिक हलकों में भी हड़कंप मच गया है। विधायक सुखराम उरांव की ओर से जल्द ही प्रतिक्रिया आने की संभावना जताई जा रही है।

स्थिति गंभीर सवाल कानून-व्यवस्था पर

शहर के व्यस्त और सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग ने जमशेदपुर की कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। फिलहाल समरेश सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है और पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है।

Share This Article