बिरराजपुर स्टेशन के पास ट्रेन से कटकर अज्ञात व्यक्ति की मौत

सरायकेला-खरसावां, 10 जुलाई : गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित बिरराजपुर रेलवे लाइन के पास गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव देख रेलकर्मियों ने तुरंत इसकी सूचना स्टेशन के वरीय अधिकारियों को दी। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने गम्हरिया थाना पुलिस को सूचित किया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस पहचान के प्रयास में जुटी हुई है और आसपास के थानों में गुमशुदगी से संबंधित जानकारी भी जुटाई जा रही है।
पुलिस इस मामले की जांच कर रही है कि यह हादसा था या आत्महत्या।



