उद्योग और सुरक्षा के समन्वय पर फोकस, पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत की पहल सराहनीय

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

उद्योग और सुरक्षा के समन्वय पर फोकस, पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत की पहल सराहनीय

आदित्यपुर/सरायकेला-खरसावां 09 जुलाई  : आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की विधि-व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण पहल की गई। सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत की अध्यक्षता में आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के प्रमुख उद्योग समूहों और व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना था। इस दौरान पुलिस अधीक्षक लुणायत ने उद्यमियों से संवाद करते हुए औद्योगिक क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस और उद्योग प्रतिनिधियों के बीच समन्वय से ही अपराधों पर अंकुश लगाया जा सकता है।

बैठक में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा के दृष्टिकोण से सीसीटीवी कैमरे लगाने को लेकर विशेष चर्चा हुई। चिन्हित स्थानों पर जल्द ही निगरानी प्रणाली स्थापित करने पर विचार किया गया।

मुकेश लुणायत ने इस दौरान स्पष्ट संदेश दिया कि औद्योगिक क्षेत्र में विधि-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में ट्रैफिक को व्यवस्थित करने और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला सहित आदित्यपुर, गम्हरिया, कांड्रा, आरआईटी तथा यातायात थाना के थाना प्रभारी उपस्थित थे।

पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत की यह पहल न केवल कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम है, बल्कि औद्योगिक विकास के लिए सुरक्षित माहौल तैयार करने में भी मील का पत्थर साबित होगी। उद्यमियों और व्यवसायिक संगठनों ने भी पुलिस प्रशासन के इस सकारात्मक कदम की सराहना की है।

Share This Article