बहरागोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध बालू लदा हाइवा जब्त – चालक गिरफ्तार

बहरागोड़ा, 6 जुलाई : बहरागोड़ा थाना पुलिस ने आज अवैध बालू तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दस-चक्का हाइवा वाहन को जब्त किया है। वाहन में बिना वैध कागजात के अवैध रूप से बालू लदा हुआ था। इस कार्रवाई में चालक मृत्युंजय कर्मकार को मौके से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। बालू वाहन को बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में पकड़ा गया, जो पश्चिम बंगाल की ओर जा रहा था। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि बालू की ढुलाई के लिए किसी भी प्रकार का परिवहन परमिट या खनन अनुज्ञप्ति उपलब्ध नहीं था।
थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए वाहन और चालक के विरुद्ध थाना कांड संख्या 48/2025 के अंतर्गत आवश्यक कानूनी धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार चालक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है। बहरागोड़ा प्रशासन एवं पुलिस की टीम लगातार अवैध खनन, भंडारण और परिवहन पर नजर बनाए हुए है। अंचल प्रशासन ने भी स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार के अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञात हो कि बहरागोड़ा क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी घाट से रात्रिकालीन समय में बड़े वाहनों के माध्यम से बालू की तस्करी की शिकायतें लगातार मिलती रही हैं। इस संबंध में पूर्व में भी कई वाहन जब्त किए जा चुके हैं।



