सिचाई सुविधा सुदृढ़ीकरण को लेकर उपायुक्त ने की अहम बैठक, समग्र कार्य योजना निर्माण पर दिया जोर

सरायकेला, 05 जुलाई : जिले में ग्रामीण कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने तथा किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सिचाई सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु एक समग्र कार्य योजना निर्माण को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने की।
बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों में वर्तमान सिचाई व्यवस्था, जल संसाधनों की उपलब्धता, संभावित जल स्रोतों का उपयोग, चेकडैम निर्माण, खेत तालाब योजना, माइक्रो इरिगेशन पद्धति समेत किसानों की जल आधारित जरूरतों की गहन समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि ऐसी कार्य योजना तैयार की जाए जो जल संरक्षण और जल प्रबंधन के समुचित सिद्धांतों पर आधारित हो। उन्होंने कहा कि योजना निर्माण में स्थानीय आवश्यकताओं, भौगोलिक परिस्थितियों और कृषि चक्र का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा किसानों को लाभ मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन क्षेत्रों में लिफ्ट इरिगेशन के माध्यम से सिचाई सुविधा शुरू की जा चुकी है, वहां के किसानों को पारंपरिक फसलों के साथ-साथ फल, सब्जी एवं अन्य लाभकारी फसलों की खेती के लिए प्रेरित किया जाए। उपायुक्त ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि किसानों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से जोड़कर उनका सशक्तिकरण सुनिश्चित करें।
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता स्वर्णरेखा डिवीजन, कार्यपालक अभियंता खरकाई डिवीजन सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



