समाहरणालय में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित, फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं – उपायुक्त ने त्वरित समाधान व निष्पादन का दिया निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

समाहरणालय में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित, फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं – उपायुक्त ने त्वरित समाधान व निष्पादन का दिया निर्देश

सरायकेला, 04 जुलाई : समाहरणालय परिसर स्थित उपायुक्त कार्यालय प्रकोष्ठ में शुक्रवार को उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए दर्जनों नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए, जिनकी सुनवाई स्वयं उपायुक्त ने की।

जनता दरबार में मुख्य रूप से भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, पारिवारिक संपत्ति का बंटवारा, बंदोबस्ती भूमि के ऑनलाइन अंकन, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य कार्ड निर्गत करने, टायो कॉलोनी की जर्जर इमारतों से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, निजी स्कूलों द्वारा अतिरिक्त शुल्क वसूली तथा बाजार दर से अधिक दाम पर किताबें व ड्रेस बेचे जाने जैसे मुद्दों को लेकर नागरिकों ने अपनी बातें रखीं।

इसके अतिरिक्त चौकीदार बहाली प्रक्रिया में शीघ्रता लाने तथा लैंप्स के माध्यम से विक्रय किए गए धान की लंबित राशि के भुगतान से संबंधित समस्याएं भी सामने आईं।

उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को तत्काल अग्रसारित करने और यथोचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कुछ मामलों में तो मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई कर दी गई।

उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार आमजन की समस्याओं के समाधान का एक प्रभावी माध्यम है, जहां संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ कार्य किया जाता है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक सप्ताह मंगलवार और शुक्रवार को नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन होता है, लेकिन अन्य कार्य दिवसों में भी नागरिक अपनी शिकायतें समाहरणालय में आवेदन के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं, जिनका समाधान नियमानुसार किया जाएगा।

यह पहल आम नागरिकों और प्रशासन के बीच एक मजबूत संवाद सेतु के रूप में कार्य कर रही है।

Share This Article