Breaking News : आभूषण दुकान में हथियारबंद लुटेरों का धावा, विरोध करने पर दुकानदार को सिर में गोली

जमशेदपुर, 03 सितंबर : सोनारी थाना क्षेत्र बुधवार की दोपहर अचानक गोलियों की आवाज और अफरातफरी से दहल उठा। वर्दमान आभूषण दुकान में चार से पांच हथियारबंद अपराधी ग्राहक बनकर घुसे और पलक झपकते ही डकैती की वारदात को अंजाम दिया। दुकानदार पंकज ने जब विरोध किया तो अपराधियों ने उस पर सीधे गोली दाग दी। सिर में गोली लगने से पंकज गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें आनन-फानन में टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधी घटना को अंजाम देने के बाद हड़बड़ी में भाग निकले। इस दौरान उनका बैग और टोपी वहीं छूट गया।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हो गई है, जिससे पुलिस को अपराधियों की पहचान में मदद मिल सकती है। स्थानीय लोगों का मानना है कि जिस तरह अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया, उससे साफ है कि उन्होंने पहले से दुकान की रेकी कर रखी थी।
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगालने और छूटे हुए सामान से सुराग तलाशने में जुट गई है।



