छठी मईया की आराधना के बीच सेवा और समर्पण की मिसाल बना बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ, 1100 व्रतियों को सूप-दौरा व पूजन सामग्री भेंट

MANBHUM UPDATES
4 Min Read

मानगो में उमड़ा आस्था का सैलाब, बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ ने श्रद्धा के साथ किया छठ व्रतियों का अभिनंदन – विकास सिंह बोले- छठ व्रतधारियों की सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं

जमशेदपुर, 14 नवंबर : लोक आस्था के महापर्व छठ के प्रति श्रद्धा, समर्पण और सेवा भाव का अनूठा संगम मानगो में देखने को मिला। छठी मईया की आराधना में लीन व्रतियों की सेवा को सौभाग्य मानते हुए बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से 1100 छठ व्रतियों के बीच निःशुल्क सूप, दौरा, फल और पूजन सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान मानगो डिमना रोड स्थित हीरा होटल के समीप दुर्गा पूजा मैदान में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

प्रत्येक वर्ष की परंपरा को कायम रखते हुए आयोजित इस सेवा शिविर में सुबह 10 बजे से ही पूजन सामग्री प्राप्त करने के लिए छठ व्रतियों का पहुंचना शुरू हो गया था। पूरे मानगो क्षेत्र में एक सप्ताह पूर्व ही इसके लिए कूपन वितरित किए गए थे, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इस सेवा का लाभ उठा सकें।

इस अवसर पर छठ व्रतियों को सूप, दौरा, नारियल, सेव, नाशपाती, संतरा, गन्ना, शकरकंद, गागल सहित विभिन्न पूजन सामग्रियां श्रद्धापूर्वक भेंट की गईं। संघ के सदस्यों ने व्रतियों को प्रणाम कर उनका आशीर्वाद लिया। सेवा शिविर के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा।

मौके पर संघ के सदस्य विकास सिंह ने कहा कि छठी मईया की कृपा से उन्हें प्रत्येक वर्ष व्रतियों की सेवा करने का अवसर मिलता है, यह उनके लिए परम सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि सभी प्रकार की सेवाओं में छठ व्रतधारियों की सेवा सबसे बढ़कर है। छठ महापर्व केवल पूजा-अर्चना का पर्व नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या, पवित्रता और सामाजिक समरसता का प्रतीक भी है। व्रतियों की सेवा करना साक्षात छठी मईया की सेवा करने के समान है।

पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए संघ की ओर से श्रद्धालुओं से प्रसाद लेने के लिए कपड़े का झोला साथ लाने की अपील भी की गई थी, ताकि प्लास्टिक के उपयोग को कम किया जा सके।

कार्यक्रम में विकास सिंह, मुकुल मिश्रा, बिपिन झा, राम अवधेश चौबे, हरेंद्र पांडेय, विष्णु भगवान पाठक, विनोद सिंह, राजेंद्र राम, हेमंत सिंह, गिरीश सिंह, जोगेश्वर ठाकुर, मोहम्मद नौशाद आलम, कृष्णा सिंह, राजू सिंह, जयराम मिश्रा, कुंजन सिंह, छोटेलाल सिंह, दुर्गा दत्ता, किशोर बर्मन, संतोष चौहान, संजय सिंह, संदीप शर्मा, उमेश सिंह, समीर सुमन, शुभम रजक, अजय लोहार, शिव शंकर अग्रही, मनोज राय, उपेंद्र प्रसाद, लाल मोहन सिंह, नागमणि सिंह, प्रवीण सिंह, सिद्धेश्वरी देवी, रीना सिंह, सीता देवी, कुलदीप गुप्ता, राहुल गुप्ता, ललन तिवारी, राहुल डे, जगदीश तिवारी एवं विनय कुमार सहित संघ के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

आस्था के इस महापर्व पर बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की पहल ने यह संदेश दिया कि छठ की सच्ची भावना केवल अर्घ्य अर्पित करने में ही नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की निःस्वार्थ सेवा और सामाजिक सहयोग में भी निहित है।

Share This Article