‘Run For Cleanliness’ से शुरू होगा झारखंड स्थापना दिवस समारोह, 17 से 24 नवंबर तक चलेगा स्थापना दिवस पखवाड़ा

MANBHUM UPDATES
4 Min Read

15 नवंबर को महाराणा प्रताप चौक से स्वर्णरेखा छठ घाट तक निकलेगी स्वच्छता दौड़, 26-27 नवंबर को रांची में जिला स्तरीय चयनित प्रतिभागी दिखाएंगे प्रतिभा

जमशेदपुर, 13 नवंबर : झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिले में इस वर्ष भी विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में स्थापना दिवस समारोह और पखवाड़ा के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रमों की शुरुआत 15 नवंबर को ‘Run For Cleanliness’ यानी स्वच्छता दौड़ के साथ होगी।

जिला मुख्यालय में सुबह सात बजे महाराणा प्रताप चौक से स्वच्छता दौड़ शुरू होगी, जो स्वर्णरेखा छठ घाट पर पहुंचेगी। यहां सुबह आठ बजे छठ घाट की साफ-सफाई के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। इसी तर्ज पर जिले के सभी नगर निकायों और प्रखंडों में भी प्रमुख स्थलों एवं चौक-चौराहों से स्वच्छता दौड़ का आयोजन किया जाएगा। इस पहल के जरिए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ छठ घाटों की सफाई का संदेश दिया जाएगा।

खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन

स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत 17 से 24 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें खेलकूद प्रतियोगिताओं के अलावा नाटक, नृत्य-संगीत, निबंध लेखन सहित कई सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम शामिल होंगे। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों और टीमों को 26 एवं 27 नवंबर को रांची के खेलगांव में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। वहीं, विजेताओं को 28 नवंबर को आयोजित मुख्य समारोह में सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।

रांची में लगेगी पूर्वी सिंहभूम की विशेष प्रदर्शनी

बैठक में 26 से 28 नवंबर तक खेलगांव, रांची में आयोजित होने वाले मेला-सह-प्रदर्शनी की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। इसमें विभिन्न विभागों के स्टॉल के साथ प्रत्येक जिले का एक विशेष स्टॉल लगाया जाएगा। पूर्वी सिंहभूम के स्टॉल के माध्यम से जिले के विशिष्ट उत्पादों, पर्यटन स्थलों और आर्थिक गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही नवाचार पर आधारित विशेष स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र होंगे।

28 नवंबर को योजनाओं का उद्घाटन और परिसंपत्तियों का वितरण

राज्य सरकार के द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को खेलगांव, रांची में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास एवं शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी होगा। इसमें पूर्वी सिंहभूम जिले की प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त ने जिला एवं प्रखंड स्तर के अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त, एसडीएम धालभूम, अपर उपायुक्त, नगर आयुक्त जेएनएसी, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी, निदेशक एनईपी, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, नजारत उपसमाहर्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला खेल पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। वहीं, बीडीओ और सीओ वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने और कार्यक्रमों में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Share This Article