
खरसावां, 14 जून : जनजातीय गौरव वर्ष के 150वें कार्यक्रम के रूप में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का शुभारंभ शनिवार को कुचाई प्रखंड के बिरसा स्टेडियम से किया गया। इस जनभागीदारी अभियान का उद्घाटन खरसावां विधायक दशरथ गागराई, जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव बृजनंदन प्रसाद, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल एवं ट्राइफेड के प्रतिनिधि शैलेन्द्र कुमार द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ ग्रामीणों ने अतिथियों का भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा 22 स्टॉल लगाए गए, जहां पर सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया।

अपने संबोधन में विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समुदायों का समग्र एवं सतत विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि यह अभियान शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और आजीविका जैसे क्षेत्रों में सुधार लाने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगा।
वहीं, जनजातीय कार्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव बृजनंदन प्रसाद ने कहा कि धरती आबा अभियान सरकार की प्रतिबद्धता का परिचायक है, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जनजातीय ग्रामों को सभी सरकारी योजनाओं का समावेशी लाभ मिले, जिससे इन क्षेत्रों का सामाजिक एवं आर्थिक विकास हो सके।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से खरसावां विधायक दशरथ गागराई, डीडीसी आशीष अग्रवाल, ट्राइफेड के शैलेन्द्र कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी गोपी उरांव, प्रमुख गुड्डी देवी, बीडीओ साधुचरण देवगम, सीओ सुषमा सोरेन, विधायक प्रतिनिधि भरत सिंह मुंडा, सुकराम सोय सहित क्षेत्र के मुखिया, ग्राम प्रधान एवं ग्राम मुंडा उपस्थित रहे।


