सरायकेला-खरसावां में अवैध खनिज परिवहन पर कार्रवाई, 13 वाहन जब्त – 6 वाहनों से वसूले गए 8.67 लाख रुपये

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

गम्हरिया, सापड़ा, ईचागढ़ और कुकड़ू में अवैध बालू-पत्थर के कारोबार पर शिकंजा कसने की तैयारी, नियमित जांच और संयुक्त छापेमारी के निर्देश

सरायकेला, 29 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया है। पिछले एक महीने के दौरान अवैध खनिज परिवहन के मामले में 13 वाहनों को जब्त किया गया है। इनमें छह ट्रैक्टर और सात हाइवा शामिल हैं। इस दौरान छह वाहनों से कुल 8.67 लाख रुपये की वसूली की गई, जबकि एक प्राथमिकी या शिकायत दर्ज की गई है। कार्रवाई के दौरान करीब 30 हजार सीएफटी बालू की मात्रा भी प्रतिवेदन में दर्ज की गई।

गुरुवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। इसमें 27 सितंबर से 28 अक्टूबर तक अवैध खनन, खनिज भंडारण और परिवहन के खिलाफ की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई।

गम्हरिया से ईचागढ़ तक होगी निगरानी

बैठक में गम्हरिया, सापड़ा, ईचागढ़ और कुकड़ू समेत जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए नियमित जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। संबंधित अंचलाधिकारियों और थाना प्रभारियों को खनन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर अवैध गतिविधियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

बालू-पत्थर के अवैध कारोबार पर संयुक्त छापेमारी

पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध बालू एवं पत्थर उत्खनन तथा खनिज परिवहन पर नियंत्रण के लिए कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने अंचलाधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर नियमित जांच और संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों एवं वाहनों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में नदी घाटों से बालू के अवैध उठाव, खनिजों के अवैध भंडारण और परिवहन पर विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को संवेदनशील मार्गों एवं खनिज परिवहन के संभावित रास्तों पर नियमित जांच करने तथा अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, सरायकेला एवं चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर शतपथी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी शामिल हुए।

Share This Article