चांडिल डैम पहुंची विधानसभा की प्राक्कलन समिति, विस्थापितों ने रखीं समस्याएं

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल डैम पहुंची विधानसभा की प्राक्कलन समिति, विस्थापितों ने रखीं समस्याएं

चांडिल, 29 सितंबर : झारखंड विधानसभा की प्राक्कलन समिति मंगलवार को सभापति हेमलाल मुर्मू के नेतृत्व में चांडिल डैम पहुंची। समिति में सदस्य नागेंद्र महतो, मथुरा प्रसाद महतो और सोमेश सोरेन शामिल थे। इस दौरान ईचागढ़ विधायक सविता महतो भी मौजूद रहीं। डैम पहुंचने पर सभापति और समिति के सदस्यों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

समिति के सदस्यों ने चांडिल डैम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डैम में हो रहे मछली पालन की जानकारी ली और बोटिंग भी की। निरीक्षण के दौरान चांडिल डैम से प्रभावित विस्थापितों की समस्याओं को लेकर समिति के समक्ष चर्चा हुई।

विस्थापितों की ओर से सरदीप नायक ने समिति के समक्ष विभिन्न समस्याओं को रखा। उन्होंने आरएनआर (पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन) नीति के तहत मिलने वाली सुविधाओं के अब तक उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा उठाया। विस्थापितों ने पुनर्वास स्थल पर आवंटित जमीन का पर्चा उपलब्ध कराने की मांग भी समिति के समक्ष रखी।

विस्थापितों का कहना था कि जमीन का पर्चा उपलब्ध नहीं होने के कारण भविष्य में प्रमाण पत्र समेत अन्य जरूरी दस्तावेज बनवाने में परेशानी हो सकती है। समिति के सभापति हेमलाल मुर्मू ने विस्थापितों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विषयों की जानकारी ली।

इस दौरान हेमलाल मुर्मू ने कहा कि चांडिल डैम के निर्माण से प्रभावित विस्थापितों की स्थिति और उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई है। उन्होंने कहा कि विस्थापितों ने आरएनआर नीति के तहत मिलने वाली कई सुविधाएं अब तक नहीं मिलने की बात समिति के समक्ष रखी है। उन्होंने कहा कि झारखंड विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में चांडिल डैम क्षेत्र का भी विकास होगा।

मौके पर डीएफओ सवा आलम, डैम डिवीजन-2 के कार्यपालक अभियंता संजय सिंह, चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी नितिन शिवम गुप्ता, रेंजर, झामुमो केंद्रीय सदस्य ओम प्रकाश लायेक, काबलू महतो, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू, प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा किशोर महतो, अर्जुन सिंह मुंडा समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Share This Article