अगस्त में 440 टन अवैध खनिज जब्त, 11 वाहन पकड़े, 10 लाख रुपये जुर्माना

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

अगस्त में 440 टन अवैध खनिज जब्त, 11 वाहन पकड़े, 10 लाख रुपये जुर्माना

जमशेदपुर, 19 सितंबर : जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया गया है। शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। इसमें अवैध खनन के खिलाफ चल रही कार्रवाई की समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि अगस्त माह में अवैध खनिकर्म और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ कुल 23 निरीक्षण किए गए। कार्रवाई के दौरान करीब 440 टन अवैध खनिज जब्त किया गया। इसमें 284 टन बालू और 160 टन पत्थर शामिल हैं। इस दौरान 11 वाहनों को भी जब्त किया गया, जिनमें पांच हाइवा, पांच ट्रैक्टर और एक 407 वाहन शामिल है।

अवैध खनन एवं खनिज परिवहन से जुड़े मामलों में एक प्राथमिकी दर्ज की गई, जबकि कार्रवाई के दौरान 10 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।

बैठक में जिले में बालू के वैध भंडारण की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि पंजीकृत बालू डीलरों के स्टॉक में कुल 9,68,905.52 टन बालू उपलब्ध है। इनमें गुड़ाबांदा के सात, बहरागोड़ा के दो और धालभूमगढ़ का एक डीलर शामिल है।

उपायुक्त ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाने तथा अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने वैध खनिज भंडारण और परिवहन से जुड़े अभिलेखों की नियमित जांच तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया।

बैठक में एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब, डीडीसी नागेंद्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, एडीसी अनुराग तिवारी, डीटीओ, डीएमओ, ट्रैफिक डीएसपी समेत संबंधित विभागों और एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

Share This Article