10 हॉटस्पॉट पर नशे के खिलाफ कार्रवाई तेज, अगस्त में 75 किलो गांजा और 36 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त
जमशेदपुर, 19 सितंबर : पूर्वी सिंहभूम जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार, परिवहन और सेवन पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया गया है। शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नार्कोटिक्स समन्वय समिति (NCORD) की बैठक हुई। बैठक में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई, चिन्हित हॉटस्पॉट और जागरूकता कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों को लेकर 10 हॉटस्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जहां लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। अगस्त माह में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 75 किलोग्राम गांजा और 36 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त किया गया। इस दौरान 26 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
उपायुक्त ने चिन्हित हॉटस्पॉट पर निगरानी और कार्रवाई को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने विद्यालयों और महाविद्यालयों में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। शिक्षा विभाग और थाना स्तर पर आयोजित नशा विरोधी कार्यक्रमों को जारी रखने तथा विद्यार्थियों को नशे से होने वाले स्वास्थ्य और सामाजिक नुकसान की जानकारी देने का निर्देश दिया गया।
बैठक में नशा मुक्ति एवं पुनर्वास सेवाओं को प्रभावी बनाए रखने तथा मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में त्वरित अनुसंधान और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि नशीले पदार्थों की बिक्री, सेवन या परिवहन से संबंधित सूचना टोल फ्री नंबर 112 या पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 0657-2431028 पर दें। प्रशासन के अनुसार, सूचनादाता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
बैठक में एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब, डीडीसी अनुराग तिवारी समेत स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।



