विश्वकर्मा पूजा समारोह 19 सितंबर को, शहनाज अख्तर की भक्ति संध्या होगी खास आकर्षण

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

विश्वकर्मा पूजा समारोह 19 सितंबर को, शहनाज अख्तर की भक्ति संध्या होगी खास आकर्षण

जमशेदपुर, 16 सितंबर : जमशेदपुर ट्रक एवं ट्रेलर ओनर एसोसिएशन की ओर से विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर इस वर्ष भी धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 19 सितंबर की शाम आयोजित होने वाली भक्ति संध्या में प्रसिद्ध गायिका शहनाज अख्तर अपनी प्रस्तुति देंगी। कार्यक्रम प्रशासन की अनुमति के अनुसार रात 12 बजे तक चलेगा।

एसोसिएशन के उपाध्यक्ष बिट्टू तिवारी ने बताया कि विश्वकर्मा पूजा कार्यक्रम की शुरुआत 17 सितंबर को दोपहर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ होगी। इसके बाद शाम से अखंड रामायण पाठ शुरू होगा, जिसकी पूर्णाहुति 18 सितंबर की शाम होगी। पूर्णाहुति के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

एसोसिएशन के अध्यक्ष जसबीर सिंह ने बताया कि 19 सितंबर को शाम 7:30 बजे से भक्ति संध्या का आयोजन होगा। शहनाज अख्तर करीब साढ़े तीन घंटे तक भक्ति गीतों की प्रस्तुति देंगी। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में करीब 6 से 7 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं के लिए लगभग 5 हजार लोगों की सिटिंग व्यवस्था के अलावा 500 वीआईपी सीटों की व्यवस्था की गई है। वाहनों की पार्किंग के लिए ट्रांसपोर्ट नगर की बड़ी पार्किंग का इस्तेमाल किया जाएगा।

श्रद्धालुओं के लिए खिचड़ी और खीर के महाभोग की भी व्यवस्था की गई है। आयोजकों के अनुसार भक्ति संध्या में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को प्रसाद ग्रहण कराया जाएगा।

कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही अग्निशामक उपकरण और फायर सेफ्टी की अन्य व्यवस्थाएं भी की गई हैं। इस वर्ष विसर्जन कार्यक्रम में भी बदलाव किया गया है। पूर्व में 18 सितंबर को विसर्जन होता था, जबकि इस बार 20 सितंबर को विसर्जन किया जाएगा।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि विश्वकर्मा पूजा का आयोजन लगातार छठे वर्ष किया जा रहा है। वहीं, जमशेदपुर ट्रक एवं ट्रेलर ओनर एसोसिएशन के गठन को करीब 11 वर्ष हो चुके हैं। एसोसिएशन धार्मिक आयोजनों के साथ रक्तदान शिविर समेत विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेता रहा है।

परिवहन क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को लेकर भी एसोसिएशन लगातार आवाज उठाता रहा है। हाल में पश्चिम बंगाल में डंडा टैक्स समाप्त करने की मांग को लेकर आंदोलन किया गया था। एसोसिएशन के अध्यक्ष जसबीर सिंह ने इस मुद्दे को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री से मुलाकात भी की थी। पदाधिकारियों के अनुसार, मुलाकात के दौरान जल्द डंडा टैक्स हटाने का आश्वासन दिया गया।

आयोजकों ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से विश्वकर्मा पूजा एवं भक्ति संध्या में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

Share This Article