जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

MANBHUM UPDATES
5 Min Read

जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

सरायकेला, 20 अगस्त : सरायकेला-खरसावां समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को योजनाओं का पारदर्शी, समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने तथा यह सुनिश्चित करने को कहा कि आम लोगों को एक ही काम के लिए बार-बार कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े। प्रखंड एवं अंचल स्तर पर नियमित समन्वय बैठक आयोजित करने और लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन करने का भी निर्देश दिया गया।

सभी पदाधिकारियों को सप्ताह में कम-से-कम एक से दो दिन कार्यालय अवधि में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर आमजनों की समस्याएं सुनने और आवेदनों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।

आपूर्ति विभाग की समीक्षा में गोदाम निर्माण एवं मरम्मती कार्यों में तेजी लाने, लंबित राशन उठाव पूरा करने और समय पर राशन वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। राशन वितरण में अनियमितता की शिकायतों की जांच कर दोषी डीलरों पर कार्रवाई तथा स्टॉक का नियमित मिलान करने को कहा गया।

शिक्षा विभाग को सभी छूटे विद्यार्थियों के जन्म प्रमाण पत्र एवं बैंक खाते की प्रक्रिया पूरी कराने, नामांकन और उपस्थिति बढ़ाने तथा शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए गए। उद्योग एवं श्रम विभाग को ऋण आवेदनों की प्रक्रिया तेज करने, अधिकाधिक पात्र लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने और श्रमिकों का पंजीकरण बढ़ाने को कहा गया।

कृषि एवं संबद्ध विभागों को तालाब जीर्णोद्धार, किसानों को बीज एवं कृषि उपकरणों का समयबद्ध वितरण, मत्स्य पालन योजनाओं का लाभ और तालाबों की बंदोबस्ती की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

खेल एवं पर्यटन विभाग की समीक्षा में सतनाला डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। यहां पर्यटकों की सुविधा के लिए सीटिंग बेंच, बोटिंग समेत अन्य सुविधाओं के विकास पर जोर दिया गया।

सामाजिक सुरक्षा विभाग को पेंशन लाभुकों का डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेशन शत-प्रतिशत कराने तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया गया। मिशन वात्सल्य के तहत एकल एवं अनाथ बच्चों को चिन्हित कर स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ने और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ते हुए ‘लखपति दीदी’ की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

मनरेगा एवं आवास योजनाओं को समय पर पूरा करने तथा रोजगार सृजन में तेजी लाने, जबकि नगर विकास विभाग को नगर निकाय क्षेत्रों में स्वच्छता, पेयजल और विद्युत व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने सरकारी योजनाओं की जानकारी स्थानीय भाषा में सरल तरीके से अंतिम पात्र लाभुक तक पहुंचाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर बैनर, फ्लेक्स, होर्डिंग, सोशल मीडिया, गीत-संगीत, नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग और वॉल पेंटिंग जैसे माध्यमों के उपयोग पर जोर दिया।

बैठक के दौरान भारत सरकार के गृह मंत्रालय के जनगणना कार्य निदेशालय, झारखंड द्वारा जनगणना-2027 के प्रथम चरण के मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य में सराहनीय योगदान के लिए सरायकेला और चांडिल के प्रखंड विकास पदाधिकारियों को प्रदान किए गए प्रशस्ति-पत्र उपायुक्त ने सौंपकर सम्मानित किया।

बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार, नगर आयुक्त आदित्यपुर एजाज अनवर, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल नितिन शिवम गुप्ता, सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी समेत जिला स्तरीय पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ एवं विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे।

Share This Article