बेरोजगार युवाओं के लिए सुनहरा मौका : 12 अगस्त को रोजगार मेला में 1000 से अधिक पदों पर होगी सीधी भर्ती

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

15 हजार से 66 हजार रुपये तक वेतन, 8वीं पास से MBA और B.Tech तक के अभ्यर्थियों को अवसर – सरायकेला व जमशेदपुर में मिलेगी नौकरी

सरायकेला/जमशेदपुर, 10 अगस्त : सरायकेला–खरसावां जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर, सरायकेला में 12 अगस्त (बुधवार) को सुबह 10 बजे से रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। रोजगार मेले में जिले और आसपास की कई प्रतिष्ठित कंपनियां हिस्सा लेंगी और 1000 से अधिक पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

जिला नियोजन पदाधिकारी आलोक कुमार तोपनो ने बताया कि रोजगार मेले में रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड, रूंगटा माइन्स लिमिटेड, ब्राइटटेक इंडस्ट्रियल इंडिया लिमिटेड, आरुष मेटल कास्टिंग लिमिटेड, पैंथर सिक्योरिटीज, प्रवीण इंजीनियरिंग, ग्रीनटेक कंसल्टेंसी, एलआईसी, युवा शक्ति फाउंडेशन, टैलेंटनेक्सा सर्विसेज, मयंक इंटरप्राइजेज, सुभाष पेंटिंग वर्क्स, टाटा स्टील फाउंडेशन, ब्रावो सिक्योरिटी, सुदिशा फाउंड्री और यूनिक सोल्युशन समेत कई नियोक्ता कंपनियां शामिल होंगी।

रोजगार मेले में मोल्डिंग ऑपरेटर, मेल्टिंग इंजीनियर, कोर शॉप ऑपरेटर, मेंटेनेंस इंजीनियर, CNC ऑपरेटर, फिटर, बॉल मिल ऑपरेटर, प्रेशर फिल्टर ऑपरेटर, वेल्डर, गैस कटर, इलेक्ट्रीशियन, लैब एग्जीक्यूटिव, ट्रेनी, सिक्योरिटी गार्ड एवं सुपरवाइजर, बीमा सखी, VMC ऑपरेटर, HR एग्जीक्यूटिव, HMC ऑपरेटर, लाइन ऑपरेटर, फोर्कलिफ्ट मशीन ऑपरेटर और VTL ऑपरेटर सहित विभिन्न पदों पर नियुक्ति के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

खास बात यह है कि इन पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को 15,000 से लेकर 66,000 रुपये तक प्रतिमाह वेतन मिलने की जानकारी दी गई है। इसके साथ ही कंपनियों की ओर से निःशुल्क बस सेवा, कैंटीन सुविधा, PF एवं ESIC, इंसेंटिव समेत अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। नियुक्तियां मुख्य रूप से सरायकेला–खरसावां और जमशेदपुर क्षेत्र के लिए होंगी।

8वीं पास से MBA और B.Tech तक के युवाओं के लिए मौका

रोजगार मेले में 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी हिस्सा ले सकते हैं। शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार 8वीं, 10वीं, इंटरमीडिएट, ITI, डिप्लोमा, स्नातक, स्नातकोत्तर, B.Tech और MBA निर्धारित की गई है। यानी अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता रखने वाले नए और अनुभवी दोनों अभ्यर्थियों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।

इच्छुक अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा लेकर 12 अगस्त को सुबह 10 बजे जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर, सरायकेला पहुंचना होगा। जिला नियोजन पदाधिकारी ने जिले के योग्य युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में शामिल होकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि पूरी चयन प्रक्रिया निःशुल्क है। रोजगार मेले अथवा उपलब्ध पदों से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यालय अवधि में मॉडल कैरियर सेंटर सह जिला नियोजनालय, सरायकेला–खरसावां से संपर्क कर सकते हैं।

Share This Article