
पोटका के लुगु मुर्मू रेजिडेंशियल ट्राइबल स्कूल में नाम्या स्माइल फाउंडेशन की पहल, बच्चों के साथ काटा केक
पोटका, 10 अगस्त : मुख्यमंत्री एवं झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन के 51वें जन्मदिन के अवसर पर सोमवार को पोटका प्रखंड के भाटिन स्थित लुगु मुर्मू रेजिडेंशियल ट्राइबल स्कूल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता एवं नाम्या स्माइल फाउंडेशन के संस्थापक – पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने बच्चों के बीच मुख्यमंत्री का जन्मदिन मनाया।
इस दौरान कुणाल षाड़ंगी ने माता-पिता से वंचित बच्चों के साथ केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। इसके बाद विद्यालय में पढ़ने वाले सैकड़ों बच्चों को स्कूल शूज़ प्रदान किए गए। स्कूल शूज़ पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।
इस मौके पर कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि जन्मदिन जैसे अवसरों को जरूरतमंद और वंचित बच्चों के साथ मनाने से खुशी कई गुना बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना ही इस आयोजन का सबसे बड़ा उद्देश्य है। समाज के सक्षम लोगों को भी ऐसे बच्चों की शिक्षा और जरूरतों में सहयोग के लिए आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं संचालक रामो सोरेन, फूलों मुर्मू सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। वहीं नाम्या स्माइल फाउंडेशन की ओर से सुरजीत सोरेन, रूही दास मुंडा और विक्रम शॉव समेत अन्य सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।



