टाटानगर स्टेशन पर ट्रेन की छत पर चढ़ा युवक, हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलसा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

टाटानगर स्टेशन पर ट्रेन की छत पर चढ़ा युवक, हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलसा

जमशेदपुर, 10 अगस्त : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अज्ञात युवक ट्रेन की छत पर चढ़ गया। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज बिजली के तार की चपेट में आ गया।

हाई वोल्टेज तार की चपेट में आते ही युवक गंभीर रूप से झुलस गया और ट्रेन की छत से नीचे रेलवे ट्रैक पर जा गिरा। घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया।

मौके पर मौजूद यात्रियों और रेलवे कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए झुलसे युवक को रेलवे पटरियों के बीच से उठाकर प्लेटफॉर्म पर पहुंचाया। इसके बाद उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे के संबंधित अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। हालांकि, अभी तक युवक की पहचान नहीं हो सकी है।

युवक ट्रेन की छत पर किस वजह से चढ़ा था और वह स्टेशन परिसर में किस तरह पहुंचा, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। रेलवे अधिकारियों की ओर से घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

इस घटना ने टाटानगर स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था और अनधिकृत रूप से ट्रेन की छत पर चढ़ने वाले लोगों की निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article